नेरवा बाजार में सजी होली के लिए रंगों पिचकारी की दुकान। संवाद
नेरवा (रोहड़ू)। होली को लेकर नेरवा बाजार में ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। लोग उत्साह के साथ खरीदारी में जुटे रहे। होली का सामान बेचने वाले दुकानदार अंकुर पाल ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोग होली उत्सव से पहले ही रंग, पिचकारियां और स्प्रे आदि खरीद लेते हैं, जबकि स्थानीय लोग होली वाले दिन ही खरीदारी करना पसंद करते हैं। दुकानदार भी इस दिन बचा हुआ स्टॉक निकालने के लिए सामान थोड़ा सस्ता बेचते हैं, जिससे ग्राहकों को भी फायदा होता है। अंकुर के अनुसार बच्चों में खास तौर पर रंग-बिरंगी पिचकारियों और रंगों के स्प्रे की मांग सबसे ज्यादा रहती है। उधर, नेरवा के स्कूलों-कॉलेजों में भी होली का उत्साह साफ दिखाई दिया। विद्यार्थियों ने होली से एक दिन पूर्व ही अपने-अपने शिक्षण संस्थानों में सहपाठियों के साथ जमकर गुलाल उड़ाया और डीजे की धुनों पर खूब नृत्य किया। खास बात यह रही कि विद्यार्थियों ने गीली होली खेलने से परहेज किया और सूखे रंगों से ही एक-दूसरे को रंगकर उत्सव मनाया।
नेरवा बाजार में सजी होली के लिए रंगों पिचकारी की दुकान। संवाद