. लोगों की आपत्ति के बाद उपायुक्त ने जारी किए आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)।
विकास खंड की खद्दर पंचायत को अब जिला परिषद वार्ड संख्या-15 सरांह में शामिल कर दिया गया है। यह निर्णय ग्रामीणों की ओर से उठाई गई आपत्तियों और प्रस्तुत तथ्यों के आधार पर लिया गया है। खद्दर वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष श्याम लाल शर्मा, महासचिव वीएन शर्मा, सुरेश ठाकुर, रमेश ठाकुर और विपिन शर्मा ने उपायुक्त शिमला को आपत्ति पत्र सौंपा था। उन्होंने बताया था कि उपायुक्त कार्यालय की अधिसूचना के अनुसार खद्दर पंचायत को जिला परिषद वार्ड नंबर-14 पौड़िया में शामिल किया गया है, जबकि राजस्व अभिलेखों और भौगोलिक स्थिति के अनुसार इसे वार्ड संख्या-15 सरांह में होना चाहिए। सोसायटी के पदाधिकारियों ने अपने पत्र में स्पष्ट किया था कि खद्दर पंचायत परगना हामल का अभिन्न अंग है और हामल परगना जिला परिषद वार्ड सरांह के अंतर्गत आता है। इस आधार पर उन्होंने मांग की थी कि खद्दर पंचायत को भी सरांह वार्ड में ही सम्मिलित किया जाए। साथ ही यह भी बताया गया कि राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार पंचायत उपमंडल चौपाल और तहसील चौपाल के अधीन आती है, जो जिला परिषद वार्ड-15 सरांह में पड़ता है, जबकि जिला परिषद के लिए इसे दूसरी तहसील के वार्ड में डाल दिया गया था। ग्रामीणों की आपत्तियों, राजस्व अभिलेखों और भौगोलिक तथ्यों की समीक्षा के बाद प्रशासन ने संशोधन करते हुए खद्दर पंचायत को जिला परिषद वार्ड संख्या-15 सरांह में शामिल करने का निर्णय लिया। इस फैसले से पंचायत वासियों में खुशी का माहौल है। खद्दर वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष श्याम लाल शर्मा, महासचिव वीएन. शर्मा, सुरेश ठाकुर, रमेश ठाकुर और विपिन शर्मा समेत समस्त पंचायतवासियों ने इस निर्णय के लिए उपायुक्त शिमला का आभार व्यक्त किया है।