महाविद्यालय शिक्षक संघ ने दी सरकार को आंदोलन की चेतावनी
कंडाघाट में हुई हिमाचल प्रदेश महाविद्यालय शिक्षक संघ की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
कंडाघाट (सोलन)। हिमाचल प्रदेश महाविद्यालय शिक्षक संघ कंडाघाट इकाई की बैठक शुक्रवार को हुई। इसमें सभी शिक्षकों ने हिमाचल प्रदेश कर्मचारी भर्ती और सरकारी कर्मचारियों की सेवा शर्तें विधेयक-2024 का जोरदार विरोध किया। शिक्षकों ने कहा कि यह विधेयक कर्मचारी विरोधी है। इस विधेयक का उद्देश्य प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से राज्य सरकार की ओर से स्वयं भर्ती किए गए अनुबंध के आधार पर शिक्षकों की ओर से दी की गई सेवाओं को नगण्य करना है। राज्य सरकार ने विभिन्न मंचों से वादा किया था कि वे अनुबंध नीति को खत्म करेंगे और कर्मचारियों की सेवाओं को अनुबंध अवधि में शामिल होने की तारीख से गिना जाएगा। सरकार के इस फैसले ने लोक सेवा आयोग की ओर से अनुबंध पर नियुक्त शिक्षकों को आहत किया है। आयोग की ओर से अनुबंध शिक्षकों की नियुक्ति के लिए आवश्यक योग्यता, नौकरी की प्रकृति नियमित शिक्षकों के समान ही है। उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया है कि वह प्रदेश भर्ती और सेवा शर्तें विधेयक-2024 को तुरंत वापस लें और शिक्षकों के पक्ष में सभी अदालती आदेशों को अक्षरशः लागू करें अन्यथा शिक्षक इस विधेयक को सर्वोच्च न्यायालय में चुनौती देंगे और अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरेंगे।