चायल और जुआगी पंचायत के हजारों लोगों का बागीपुल से टूटा संपर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड (कुल्लू)। पिछले दो दिन से लगातार भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। बागीपुल से जाओं-ठारला सड़क पर ढारा नामक स्थान पर भूस्खलन हुआ। इस कारण मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह से बंद हो गया है। भूस्खलन से चायल और जुआगी पंचायत के हजारों लोगों का बागीपुल-निरमंड से संपर्क टूट गया है। सड़क बंद होने से बस सेवा भी बाधित हो गई है। ऐसे में आवाजाही करने वाले हजारों लोगों को दिक्कत पेश आ रही है। स्थानीय निवासी राजू, रणजीत, बेगानंद और राजेश्वर ने कहा कि पिछली बरसात में भी यह मार्ग भूस्खलन से प्रभावित हुआ था। कई महीनों तक सड़क बहाल नहीं हो पाई थी। इस कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार ने कहा है कि सड़क को खोलने के लिए मशीनें भेज दी गई हैं। उन्होंने आश्वासन दिया है कि दो दिन में सड़क यातायात के लिए बहाल कर दी जाएगी।