भारी बारिश से टूटी लाइनें और खंभे क्षतिग्रस्त, सेब की पैंकिंग का काम रुका
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। कोटखाई उपमंडल के कई गांवों में बिजली की आपूर्ति बुधवार रात से ठप है। भारी बारिश और तेज हवाओं से कई जगह पेड़ गिर गए हैं, जिससे बिजली की लाइनें और खंभे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इस कारण उपमंडल मुख्यालय और आसपास के कई गांवों में करीब पंद्रह घंटे से बिजली बंद है, जिससे सेब की पैकिंग का काम रुक गया है। वहीं, लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। बागवान संदीप गांगटा, दिलीप चौहान, राजेश गांगटा, राजिंद्र बराठा और कैलाश चौहान ने बताया कि बिजली न होने के कारण बागवानों की ग्रेडिंग मशीनें ठप पड़ी हैं। इससे सेब की पैकिंग का काम बाधित हो गया है। समय पर ग्रेडिंग और पैकिंग न हो पाने से सेब मंडियों में नही पहुंच पा रहा है। इससे नुकसान उठाना पड़ रहा है । बागवानों का कहना है कि पहले से ही मौसम के कारण उत्पादन प्रभावित हुआ है, ऊपर से बिजली की इस समस्या ने उनकी परेशानी दोगुनी कर दी है। बागवानों का कहना है कि सेब सीजन में विद्युत आपूर्ति की स्थिरता बेहद जरूरी है ताकि समय पर ग्रेडिंग व पैकिंग कर फसल को बाजार तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने विभाग से आग्रह किया है कि सीजन के दौरान वैकल्पिक प्रबंध किए जाएं, जिससे भविष्य में ऐसी दिक्कतें न हों। वहीं, बिजली बोर्ड कोटखाई के सहायक अभियंता अरुण वर्मा ने बताया कि भारी बरसात के चलते कई स्थानों पर पेड़ बिजली की लाइनों पर गिरे हैं। कई जगह पर खंभे गिर गए हैं। बोर्ड की ओर से लगातार मरम्मत कार्य किया जा रहा है और जल्द ही आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।