ज्यूरी(रामपुर बुशहर)। ज्यूरी में बुधवार को दोपहर 2:00 बजे तक काफी तेज धूप लगी रही। दोपहर बाद अचानक मौसम में बदलाव हुआ और क्षेत्र में झमाझम बारिश हुई। बारिश होने से तापमान में काफी गिरावट आई है। बुधवार को सुबह 6 बजे से पूरे क्षेत्र में तेज धूप के कारण काफी गर्मी हो गई थी। दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट बदली और तेज बारिश से पूरे क्षेत्र से गर्मी से राहत मिली। काफी समय बाद हुई बारिश से किसानों बागवानों ने भी राहत की सांस ली। क्षेत्र में बारिश न होने से सेब और सब्जियों में सूखे की मार पड़ने लगी थी। बुधवार को करीब तीन घंटे तक तेज बारिश ने जमीन में काफी नमी लाई है। बारिश का अंदेशा न होने के कारण स्कूली बच्चे भी छुट्टी के बाद बारिश में भीगते हुए घर पहुंचे। कुछ अभिभावक छाता लेकर सड़कों में अपने बच्चों को लेने भी पहुंचे। बारिश इतनी तेज थी कि सड़कों और नालियों में पानी भरा हो गया। सूखे के कारण सड़कों में फैली धूल भी थम गई।