ब्रांदली में लेदर बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांच जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। ब्रांदली में चतरखंड युवक मंडल की ओर से आयोजित व्हाइट लेदर बाल क्रिकेट प्रतियोगिता में रोमांचकारी मुकाबले खेले जा रहे हैं। ग्रामीण स्तरीय प्रतियोगिता में दूरदराज से पहुंचीं 64 टीमों ने भाग लिया। बुधवार को भरेटली और काशा ने क्रिकेट मुकाबले जीते। पहला मैच लायन हार्ट भरेटली और रेड बुल पुनन के मध्य हुआ। भरेटली ने पहले खेलते हुए निर्धारित 10 ओवर में दो विकेट खोकर 114 रन बनाए। अभय ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली और अंकित ने 37 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुनन की टीम तीन विकेट गंवाकर 85 रन ही बना सकी। कुलवंत मेहता ने 23, हैप्पी और यशवीर सिंह ने 22-22 रन बनाए। भरेटली ने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश पाया। दूसरा मुकाबला ब्रांदली रॉयल्स और यंग स्टार काशा के मध्य हुआ। इसमें ब्रांदली ने पहले खेलते हुए निर्धारित 10 ओवर में 50 रन बनाए। काशा की टीम ने आठ विकेट से मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश पाया। आयोजक कमेटी के अध्यक्ष लायक राम पौंड ने कहा कि प्रतियोगिता की विजेता टीम को 1,51,000 की नकद राशि एवं ट्रॉफी और उपविजेता टीम को 75 हजार एवं ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा।