ज्यूरी(रामपुर बुशहर)। रामपुर उपमंडल के 15/20 क्षेत्र के फांचा में सरकार ने ग्रामीणों की सुविधा के लिए करीब चार साल पहले पीएचसी खोलने के आदेश तो दे दिए लेकिन वहां पर अभी तक स्टाफ ही नहीं भेजा है।
पीएचसी फांचा का करीब एक करोड़ की लागत से नया भवन भी बन गया और नए पीएचसी भवन का 21 जुलाई 2020 को मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन उद्घाटन भी कर दिया। चार साल बाद भी पीएचसी भवन में अभी तक ताला ही लटका हुआ है। भवन की चौकीदारी करने वाला भी कोई नहीं है।
फांचा क्षेत्र के बीडीसी सदस्य सुभाष नेगी, नीटू नेगी, मोहन लाल, जगदीश जंतनरेश, रिंकू, अश्वनी, रमेश और टिंकू का कहना है कि सरकार ने फांचा में पीएचसी खोल कर ग्रामीणों को सुविधा तो दी लेकिन चार साल से स्टाफ नहीं भेजा पाई। जिस कारण नया भवन भी एक शोपीस बन कर रहा गया है। उन्होंने सरकार से जनता की सुविधा के लिए स्टाफ भेजने की मांग की है।
उधर, बीएमओ रामपुर आरके नेगी ने बताया कि पीएचसी फांचा के लिए अभी स्टाफ के आदेश नहीं हुए हैं। पीएचसी ज्यूरी से एक डॉक्टर सप्ताह में एक दिन मरीजों को जांचने के लिए भेजा जा रहा है। अभी तक पीएचसी में दूसरा कोई नहीं भेजा गया है।