रामपुर बुशहर। चार जिलों के हजारों लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने वाले महात्मा गांधी खनेरी अस्पताल रामपुर में पिछले एक सप्ताह से एक्सरे की मशीन खराब होने से लोगों को सुविधा नहीं मिल रही है। खनेरी अस्पताल में शिमला, किन्नौर, मंडी, कुल्लू और काजा क्षेत्र के लोग पहुंचते हैं लेकिन, इन दिनों एक सप्ताह से एक्सरे की मशीन खराब होने से लोगों को निजी क्लीनिकों में जाकर भारी भरकम पैसे देकर एक्सरे करवाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि पूरे देश और प्रदेश वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण से लड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं और स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सभी क्षेत्रीय अस्पतालों में पूरी तरह से सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश हैं। इसके बावजूद रामपुर में एक सप्ताह से खराब पड़ी एक्सरे की मशीन का अभी तक दुरुस्त न होना चिंता का विषय है। महामारी के खौफ के बीच संदिग्ध मरीजों की जांच के लिए एक्सरे मशीन का होना अति आवश्यक है। महात्मा गांधी खनेरी अस्पताल रामपुर प्रशासन अभी तक एक्सरे मशीन को दुरुस्त नहीं करवा पाया है।
क्षेत्रवासियों देवेंद्र शर्मा, विवेक, नंददेश, आरपी, प्रताप, नरेश और सुभाष ने बताया कि खनेरी अस्पताल में एक्सरे मशीन एक सप्ताह से खराब होने से उन्हें भारी भरकम राशि देकर निजी क्लीनिकों का रुख करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि ऐसे समय में एक्सरे मशीन उपलब्ध होना जरूरी है। एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद एक्सरे मशीन को दुरुस्त नहीं किया गया है। महात्मा गांधी खनेरी अस्पताल रामपुर के एमएस नरेंद्र मेहता ने बताया कि एक्सरे मशीन में कुछ तकनीकी खराबी है। इसके चलते मशीन बंद पड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन होने के कारण कुछ सामान नहीं पहुंचा है। जल्द एक्सरे मशीन को दुरुस्त करवा दिया जाएगा।