रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल की आठ पंचायतों के हजारों लोगों का स्वास्थ्य केवल एक डॉक्टर के हवाले है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रदेश सरकार की बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। लॉकडाउन के चलते इन पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए तरसना पड़ रहा है। युवा कांग्रेस ने इन पंचायतों के स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग की है। युवा कांग्रेस ने चेताया कि यदि एक सप्ताह के भीतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुधारने के लिए सरकार कोई कदम नहीं उठाती है तो युकां उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होगी।
प्रदेश युवा कांग्रेस सह सचिव पवन सिंह चौहान, पवना धीमान, रिंकू नेगी, जतिन मेहता, सोनू भलूनी, मनोज चौहान, महेश, गोविंद सिंह, तरुण, विक्की, अश्वनी, रवि और सुनील ठाकुर ने मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा कि रामपुर तहसील की आठ पंचायतों में स्वास्थ्य सुविधाएं पूरी तरह से चरमरा गई हैं। इन पंचायतों का केंद्र सीएचसी तकलेच एक डॉक्टर के सहारे चल रहा है। क्षेत्र के देवठी और बाहली पीएचसी भी बिना डॉक्टर के चल रहे हैं। आठ पंचायतों कूहल, देवठी, मुनीश, काशापाट, दरकाली, तकलेच, बाहली और नरैण की करीब 20 से 25 हजार लोग सीएचसी तकलेच पर ही निर्भर हैं। सीएचसी तकलेच में डॉक्टर के चार पद स्वीकृत हैं, जबकि वर्तमान में एक ही डॉक्टर अपनी सेवाएं दे रहा है। सीएचसी में डॉक्टर सहित कुल 25 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से वर्तमान में केवल सात ही पद भरे गए हैं, जबकि 18 पद लंबे समय से खाली पड़े हैं। यही हाल पीएचसी देवठी और बाहली का भी है। यहां डॉक्टरों सहित अन्य स्टाफ के पद खाली होने से ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए तरस गए हैं, जो प्रदेश सरकार की लचर कार्यप्रणाली और लापरवाह रवैये को दर्शा रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के कारण लॉकडाउन की विकट स्थिति के कारण क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य जांच और दवाओं के लिए रामपुर पहुंचना भी मुश्किल हो रहा है। ज्ञापन के माध्यम से युवा कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से रिक्त पदों को जल्द भरने की गुहार लगाई है। युकां ने चेताया है कि यदि एक सप्ताह के भीतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुधारने को सरकार कोई उचित कदम नहीं उठाती तो युवा कांग्रेस उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन का शीघ्र जवाब भी मांगा है।