आनी (कुल्लू)। पीएमश्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी में समग्र शिक्षा के अंतर्गत बुधवार को एक दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगा। शिविर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चवाई से चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। शिविर में विद्यार्थियों के आंख, नाक और कान की जांच की गई। शिविर में स्कूल के 50 से अधिक विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच की गई। अधिकतर विद्यार्थियों का वजन औसत से कम और आंखों की समस्या से प्रभावित पाए गए। डॉ. दीपक ने पीड़ित विद्यार्थियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आनी में स्वास्थ्य जांच करने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल में कम से कम स्क्रीन टाइम इस्तेमाल करने का आह्वान किया। शिविर में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान में कक्षा ग्यारहवीं और बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता विषय पर गेस्ट लेक्चर का आयोजन किया गया। इस मौके पर वरिष्ठ प्रवक्ता इंद्र ठाकुर, कुंदन शर्मा, धर्मेंद्र वर्मा और प्रवीण मेहता सहित अन्य उपस्थित रहे।