आनी में एसडीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजती स्कीम वर्कर। स्रोत : सीटू
मांगों को लेकर फरवरी में करेंगे दो दिन की हड़ताल
आनी(कुल्लू)। आनी में स्कीम वर्करों ने बुधवार को एसडीएम लक्ष्मण सिंह कनेट के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा। प्रधानमंत्री को भेजे ज्ञापन में वर्करों ने कहा कि देशभर में 28 लाख से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और 26 लाख से अधिक मिड-डे मील कुक हेल्पर लंबे समय से बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पोषण में योगदान दे रहे हैं, लेकिन उनके मानदेय में कोई वृद्धि नहीं हुई। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने सरकार की योजनाओं को निजी हाथों में सौंपने, डिजिटलाइजेशन और एफआरएस ऐप के माध्यम से लाभार्थियों को बाहर करने, बजट कटौती और वेतन लंबित रखने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने 45वें भारतीय श्रम सम्मेलन, सुप्रीम कोर्ट के आदेश और अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन के मानकों का हवाला देते हुए कई मांगें रखीं। सीटू जिला सचिव पदम प्रभाकर ने बताया कि इससे पहले स्कीम वर्करों ने एसडीएम कार्यालय के बाहर भी प्रदर्शन किया था। उन्होंने कहा कि फरवरी माह में स्कीम वर्कर दो दिन की हड़ताल कर संघर्ष तेज करेंगे।