पुलिस और स्थानीय लोगों की संयुक्त कार्रवाई से बाईपास ठियोग से पकड़ा 22 वर्षीय युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग(रामपुर बुशहर)। ठियोग कस्बे में कई दिन से वाहनों के शीशे तोड़ने की लगातार मिल रही शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रविवार को एक आरोपी को धर दबोचा। पुलिस की टीम और स्थानीय लोगों की सतर्कता से बाईपास ठियोग क्षेत्र से आरोपी को पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी युवक की पहचान रोशन (22) निवासी टोहाणा (हरियाणा) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी का ठियोग नगरपालिका के एक कर्मचारी से दूर का संबंध भी है। पिछले कुछ दिन से ठियोग शहर और आसपास खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़ने की घटनाओं से स्थानीय लोगों में डर और नाराजगी का माहौल था। पुलिस ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए सर्च ऑपरेशन चलाया। इसके बाद आरोपी को पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी की सूचना आरोपी के भाई गोपाल को भी दी गई है। स्थानीय लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी पर राहत जताई है। डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा ने कहा कि मामले की जांच जारी है। संभव है कि आरोपी अन्य घटनाओं में भी शामिल रहा हो।