रामपुर में नशामुक्त समाज निर्माण को लेकर हाफ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते एसडीएम निशांत
एसडीएम निशांत ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन की रवाना, स्कूल के बच्चों और युवाओं ने आठ और 21 किलोमीटर की दौड़ में बहाया पसीना
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। पुलिस प्रशासन ने नशामुक्त समाज निर्माण का संदेश देने के लिए हाफ मैराथन का आयोजन किया। मैराथन में स्कूली बच्चों और युवाओं ने भाग लिया और दौड़ लगाकर फिट इंडिया और नशामुक्त समाज निर्माण का संदेश दिया। स्कूली बच्चों और युवाओं ने आठ किलोमीटर और 21 किलोमीटर की दौड़ लगाई। सुबह तड़के एसडीएम निशांत तोमर और डीएसपी नरेश शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। पुलिस प्रशासन ने रामपुर में से नो टू ड्रग्स विषय पर स्कूली बच्चों, युवाओं, पुरुषों और महिलाओं के लिए मैराथन का आयोजन किया। इसमें अंडर-19 और अंडर-14 वर्ग के लिए आठ किलोमीटर हाफ मैराथन का आयोजन किया। ओपन वर्ग के लिए 21 किलोमीटर हाफ मैराथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूल, कॉलेज और कस्बे के करीब 500 प्रतिभागियों ने दमखम दिखाया। रामपुर के चौधरी अड्डे से हाफ मैराथन को रवाना किया गया। विजेता प्रतिभागियों को इनाम देकर नवाजा गया। अंडर-19 में पहला स्थान पाने वाले प्रतिभागी को 3100 रुपये नकद इनाम दिया गया। इसके अलावा द्वितीय को 2500 और तृतीय को 1500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। अंडर-14 वर्ग में पहला पुरस्कार 2100, दूसरा 1500 और तीसरा पुरस्कार 1000 रुपये दिया गया। ओपन स्तरीय हाफ मैराथन में प्रथम स्थान पाने वाले प्रतिभागी को 5100, दूसरा इनाम 3100 और तीसरा पुरस्कार 2100 रुपये दिया गया। अंडर-14 छात्र वर्ग में पीयूष ने पहला, हरिओम ने दूसरा, भावेश ने तीसरा स्थान हासिल किया। छात्रा वर्ग में यंशिता ने पहला, सृष्टि ने दूसरा और कृतिका ने तीसरा स्थान हासिल किया। अंडर-19 के छात्र वर्ग में अंकज ने पहला, विकास ने दूसरा और अभिषेक ने तीसरा स्थान पाया। छात्रा वर्ग में श्रुति ने पहला, साबरी ने दूसरा और दीपिका ने तीसरा स्थान पाया। इसके अलावा ओपन स्तरीय पुरुष वर्ग की हाफ मैराथन में करनेल सिंह ने पहला, प्रवीन कुमार ने दूसरा और धीरज ने तीसरा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में रितिका ने पहला, सुरेखा ने दूसरा और शबनम ने तीसरा स्थान हासिल किया।