दोफदा में आयोजित रस्साकशी स्पर्धा की विजेता टीम महिला मंडल उच्ची ट्रॉफी के साथ। स्रोत : क्लब।
रस्साकशी में महिला मंडल उच्ची और लोक नृत्य में दोफदा ने मारी बाजी
मुख्य अतिथि जिला परिषद अनुराधा ने विजेता-उपविजेता प्रतिभागियों को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
ग्रीन वैली युवक मंडल दोफदा की ओर से आयोजित 12वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न हो गई है। प्रतियोगिता में दूरदराज से पहुंचीं टीमों ने वॉलीबाल, बास्केटबाल समेत अन्य खेलों में भाग लिया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में वॉलीबाल का खिताबी मुकाबला जुब्बल और दरकाली के मध्य हुआ। इसमें जुब्बल की टीम विजेता और दरकाली की टीम उपविजेता रही। बास्केटबाल में इंद्री सोलन टीम ने पहला और राइजिंग स्टार दोफदा ने दूसरा स्थान हासिल किया। रस्साकशी और लोक नृत्य प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। रस्साकशी में महिला मंडल उच्ची ने विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि महिला मंडल दोफदा उपविजेता बनी। लोक नृत्य प्रतियोगिता में दोफदा टीम ने पहला और उच्ची ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं बैडमिंटन युगल प्रतियोगिता में विक्की गुप्ता और अनिल ने पहला स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में जिला परिषद अनुराधा सफेल बतौर मुख्य अतिथि पहुंचीं। प्यारे लाल किड्डा विशिष्ट अतिथि और कैलाश कायथयान विशेष अतिथि उपस्थित रहे। आयोजक कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र थापटू समेत अन्य पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। मुख्य अतिथि अनुराधा सफेल ने आयोजक कमेटी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से प्रतिभागियों को प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर नशामुक्त समाज निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि ने वॉलीबाल प्रतियोगिता की विजेता टीम को 21 हजार व ट्रॉफी और उपविजेता टीम को 10 हजार व ट्रॉफी से सम्मानित किया। बास्केटबाल की विजेता टीम को आठ हजार एवं ट्रॉफी और उपविजेता टीम को पांच हजार एवं ट्रॉफी से पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आकर्षक इनामों से सम्मानित किया गया। इस मौके पर मोहन लाल मेहता, हरदेव नेगी, मनोज बेश्टू, अजय मेहता, अंशू किड्डा, अंकित थाडू, अतुल डांटा, जेएस छठी, श्रवण मांटा, रवींद्र, पप्पू क्राटा, सुनील बिष्ट, जीडी हांगटा और मान सिंह सहित कई अन्य युवा मौजूद रहे।