दत्तनगर स्कूल में छात्र परिषद की नवनियुक्त कार्यकारिणी प्रधानाचार्य के साथ। स्रोत : स्कूल प्रबं
. दत्तनगर स्कूल में भव्य अलंकरण समारोह का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दत्तनगर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्र संसद के गठन को लेकर भव्य अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने अनुशासन, नेतृत्व और जिम्मेदारी की भावना का परिचय दिया। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए निखिल राणा को हेड बॉय और यंशिका को हेड गर्ल चुना गया। इसके अलावा विद्यालय के चार सदनों के कप्तानों की भी घोषणा की गई। अस्किनी सदन से कार्तिक चौहान को बॉय कैप्टन और प्रीति नेगी को गर्ल कैप्टन बनाया गया। इरावती सदन में आदित्य शर्मा बॉय कैप्टन और आदितिका गर्ल कैप्टन रहीं। विपाशा सदन में हितेश कायथ को बॉय कैप्टन और आन्या वर्मा को गर्ल कैप्टन चुना गया। वहीं शतुद्री सदन में आदित्य श्याम बॉय कैप्टन और सेजल ठाकुर गर्ल कैप्टन नियुक्त हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश परमार ने की। समारोह के दौरान प्रधानाचार्य राजेश परमार ने नवनियुक्त छात्र परिषद के सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद छात्र प्रतिनिधियों को बैज पहनाकर उनके दायित्वों से सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने का नाम नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करना है। उन्होंने छात्र प्रतिनिधियों से अनुशासन बनाए रखने, विद्यालय की गरिमा और प्रतिष्ठा को ऊंचा उठाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। समारोह के सफल आयोजन के लिए विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की गई। कार्यक्रम के अंत में नवनियुक्त छात्र प्रतिनिधियों ने विद्यालय के प्रति पूर्ण निष्ठा रखते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया।