ब्लॉक कांग्रेस आनी के अध्यक्ष बने गोविंद शर्मा।
संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर करेंगे कार्य : शर्मा
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। कांग्रेस संगठन में गोविंद शर्मा को ब्लॉक कांग्रेस आनी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इनकी नियुक्ति को आनी और निरमंड दोनों ब्लॉकों में संगठन को संतुलित और मजबूत करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। गोविंद शर्मा मूल रूप से नित्थर क्षेत्र के निवासी हैं, जो भौगोलिक रूप से आनी और निरमंड के मध्य स्थित है। ऐसे में उनकी नियुक्ति दोनों क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने और संगठनात्मक समन्वय को मजबूत करने में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। गोविंद शर्मा लंबे समय से कांग्रेस पार्टी के सक्रिय और कर्मठ नेता रहे हैं। वे प्रदेश कांग्रेस में तीन बार महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने युवा कांग्रेस चुनाव प्राधिकरण के तहत देश के 16 राज्यों में जिम्मेदारी निभाई है, जिससे उन्हें व्यापक संगठनात्मक अनुभव प्राप्त हुआ है। पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान भी वे जालंधर में समन्वयक के रूप में सक्रिय भूमिका में रहे। अपनी नियुक्ति पर गोविंद शर्मा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय शर्मा, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, मिल्कफेड चेयरमैन बीएस ठाकुर सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसपर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को एकजुट रखना और पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाना रहेगा।