आनी (कुल्लू)। कुल्लू जिले के बाह्य सिराज क्षेत्र आनी के दलाश के रिवाड़ी गांव से संबंध रखने वाले युवा शिक्षाविद डॉ. मुकेश कुमार शर्मा ने शिक्षा क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर समाज को एक नई दिशा प्रदान की है। इनकी मनोविज्ञान और दर्शनशास्त्र में कई किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं। जल्द ही उनकी पांचवीं किताब सामने आने वाली है, जो अध्यापक शिक्षण के पाठ्यक्रम में लगेगी। डॉ. मुकेश शिक्षा के क्षेत्र में गोल्ड मेडलिस्ट भी हैं। उन्होंने वर्ष 2003 से ही ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के चुनौतीपूर्ण कार्य को अपने कंधों पर लिया। डॉ. मुकेश कुमार शर्मा की ओर से रचित पुस्तक टीचिंग एंड लर्निंग का हाल ही में हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने अनुमोदन किया। यह पुस्तक अध्यापक शिक्षण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण योगदान है और शिक्षा जगत के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। हाल ही में डॉ. शर्मा को लोक निर्माण मंत्री और राज्यपाल की ओर से बेस्ट एजुकेशन लीडर अवाॅर्ड से सम्मानित किया गया है।