नारकंडा में पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। राज्पपाल शिव प्रताप शुक्ल ने रविवार को नारकंडा से करीब सात किलोमीटर दूर हाटू मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की। लेडी गवर्नर जानकी शुक्ला भी उनके साथ मौजूद रहीं। राज्यपाल का हाटू मंदिर का यह पहला दौरा था। वे यहां के प्राकृतिक नजारों से बहुत प्रभावित हुए। राज्यपाल के हाटू मंदिर पहुंचने पर हाटू मंदिर कमेटी के प्रधान भुपिंंद्र सिंह कंवर, भंडारी हेत राम और सचिव ज्ञान चंद डोगरा ने स्वागत किया। भुपिंद्र सिंह ने राज्यपाल को मंदिर के इतिहास और स्थानीय मान्यताओं से अवगत करवाया। राज्यपाल ने धार्मिक स्थल हाटू को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने और इस स्थान पर सुविधाएं विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उसके बाद राज्यपाल ने नारकंडा में पौधरोपण अभियान में भी भाग लिया। राज्यपाल और लेडी गवर्नर ने सर्किट हाउस नारकंडा के पास पौधे रोपे। जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने भी इस अवसर पर पौधरोपण किया। इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण को बढ़ाने के लिए पौधरोपण समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि देवभूमि की पहचान यहां के वनों से है। इनका संरक्षण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मौसम में आ रहे परिवर्तन का एक प्रमुख कारण वनों का कटान है। पौधे लगाकर हम इस कमी को पूरा कर सकते हैं। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव सीपी वर्मा, उपमंडल दंडोधिकारी कुमारसैन केके. शर्मा, डीएसपी नरेश शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति लोग मौजूद रहे।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल हाटू मंदिर में पूजा-अर्चना करते हुए