रामपुर बुशहर। सर्वपल्ली राधाकृष्णन शिक्षण संस्थान में स्नातक पाठ्यक्रम के उद्घाटन समारोह के अवसर पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने डॉ. मुकेश शर्मा और डॉ. सीमा भारद्वाज की लिखी पुस्तक सीखने के लिए मूल्यांकन का विमोचन किया। यह पुस्तक अंग्रेजी संस्करण में प्रकाशित की गई है। इस पुस्तक में शोध और अनुभव के आधार पर अधिगम मूल्यांकन की नवीन अवधारणाओं को सरल एवं प्रभावी रूप में प्रस्तुत किया है। राज्यपाल ने कहा कि यह पुस्तक वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में असेसमेंट फॉर लर्निंग जैसी अवधारणा शिक्षण अधिगम प्रक्रिया को अधिक छात्र केंद्रित, परिणामोन्मुखी और गुणवत्तापूर्ण बनाने में सहायक सिद्ध होगी। यह पुस्तक शिक्षकों, शोधकर्ताओं, प्रशिक्षुओं और शिक्षा प्रशासकों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। लेखकों डॉ. मुकेश शर्मा और डॉ. सीमा भारद्वाज ने बताया कि इस पुस्तक का उद्देश्य मूल्यांकन को केवल परीक्षा तक सीमित न रखते हुए उसे सीखने की प्रक्रिया का अभिन्न अंग बनाना है, जिससे विद्यार्थियों की निरंतर प्रगति और समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके। डॉ. शर्मा के लेखन कार्य में गहन रुचि के साथ-साथ सामाजिक कार्य में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने में रुचि रखते हैं। यह इनकी शिक्षा, दर्शनशास्त्र और मनोविज्ञान पर चौथी पुस्तक प्रकाशित हुई है। इसके साथ-साथ इनके राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 12 शोधपत्र भी प्रकाशित हुए हैं।