बागवानों की मांगों को लेकर आंदोलन करेगी भाजपा
मांग एक लाख लीटर टीएसओ की, एचपीएमसी लाया केवल 3 हजार लीटर
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। बागवानों की हितैषी होने का दम भरने वाली कांग्रेस सरकार से बागवानों को निराशा ही मिली है। बागवानों ने एचपीएमसी को अपना सी ग्रेड सेब बेचा, लेकिन सेब के एवज में बागवानों को न धनराशि मिली और न ही अन्य सुविधाएं। यह बात रामपुर में प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा नेता कौल सिंह नेगी ने कही। उन्होंने कहा कि बागवानों की मांगों को लेकर भाजपा रामपुर में आंदोलन करेगी। करीब सात करोड़ रुपये का सी ग्रेड सेब खरीदकर बागवानों को दी जाने वाली सुविधाएं देना एचपीएमसी प्रबंधन भूल गया है। कौल सिंह नेगी ने कहा कि पिछले साल क्षेत्र के बागवानों को ओलावृष्टि और आपदा के कारण परेशानी झेलनी पड़ी। सड़कें बंद हो गईं और सीजन के दौरान सेब मंडी नहीं पहुंच पाया। रामपुर और ननखड़ी के बागवानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा। रामपुर और ननखड़ी क्षेत्र से करीब सवा दो लाख सेब की बोरियां एचपीएमसी को दी गईं। इसके एवज में एचपीएमसी ने बागवानों को न टीएसओ, न खाद और न ही अन्य बागवानी उपकरण उपलब्ध करवाए। हालांकि, बीते वर्षों में ये सामान दिसंबर और जनवरी में दिया जाता रहा है। इस मौसम में बागवान टीएसओ और खाद का इस्तेमाल करता है, लेकिन सरकार की उदासीनता और एचपीएमसी की नाकामी के कारण बागवानों को न टीएसओ मिल रहा और न खाद। रामपुर, ननखड़ी में हर वर्ष एचपीएमसी करीब एक लाख लीटर टीएसओ मुहैया करवाता है, लेकिन इस बार केवल तीन हजार लीटर टीएसओ ही एचपीएमसी के पास पहुंचा। टीएसओ जैसे पहुंचा, उसकी जानकारी भी बागवानों को नहीं दी गई। दो दिन पहले नोगली में टीएसओ खत्म होने के कारण बागवानों को निराश वापस लौटना पड़ा। ऐसे हालात आज से पहले नहीं थे। पूर्व में एचपीएमसी खाद भी देती थी, लेकिन अधिकारियों से पता चला है कि अभी तक एचपीएमसी ने खाद के टेंडर तक नहीं किए। एचपीएमसी के केंद्रों में न स्प्रे पंप, न घास काटने की मशीन और न ही बागवानी उपकरण उपलब्ध हैं, जो हैरानी का विषय है। क्षेत्र के बागवानों से एचपीएमसी ने करीब सात करोड़ का सेब खरीदा और उसके एवज में अब तक बागवानों को कुछ नहीं दिया। उन्होंने चेताया कि यदि जल्द बागवानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो भाजपा सड़कों पर उतरकर रामपुर में उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर सत्ता में आई कांग्रेस सरकार के राज में व्यवस्था का पतन हो रहा है। क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, सडक़, पशु चिकित्सालय और परिवहन निगम की हालत खराब है। समूचे उपमंडल में आग से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग के पास केवल एक ही दमकल वाहन है। इस अवसर पर भाजपा मंडल रामपुर अध्यक्ष नरेश चौहान, सराहन मंडल अध्यक्ष महेंद्र जैन, यशपाल झाई, पुरुषोत्तम, राहुल, तिलक राज सहित अन्य मौजूद रहे।