कोटगढ़़ में आयोजित राज्य विद्युत बोर्ड पेंशनर फोरम की बैठक में मौजूद सदस्य। स्रोत : फोरम
कोटगढ़-खनेटी राज्य विद्युत परिषद की बैठक में पेंशनरों ने कई मुद्दों पर किया मंथन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। एक जनवरी, 2016 के बाद सेवानिवृत्त पेंशनरों की लीव इनकैशमेंट, ग्रेच्युटी और वित्तीय लाभ जल्द प्रदान किए जाएं। सरकार पेंशनरों की लंबित एरियर की राशि एकमुश्त प्रदान करे। यह बात कोटगढ़-खनेटी हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद लिमिटेड पेंशनर फोरम की बैठक में अध्यक्ष सुंदर लाल शर्मा ने कही। बैठक में कई मुद्दों पर मंथन किया गया और लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई। पेंशनरों ने लंबित मांगों को पूरा न करने पर रोष जताया। अध्यक्ष ने कहा कि लंबे समय से पेंशनर सरकार को अपनी समस्याओं को अवगत करवा रहे हैं। बार-बार गुहार लगाने के बाद भी समाधान नहीं हो रहा है। इस कारण पेंशनरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में पेंशनरों ने सरकार से लंबित एरियर राशि का एकमुश्त भुगतान करने की मांग रखी। कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद पेंशनर फोरम के साथ शीघ्र बैठक की जाए, ताकि पेंशनरों की लंबित समस्याओं का समाधान हो सके। बैठक में मौजूद पेंशनरों को विनोद भैक ने भी संबोधित किया। इस मौके पर सुंदर सिंह कंवर, रणजीत चौहान, राम लाल आजाद, प्रदीप भलैक, लोभ राम, रामा नंद, साध राम और प्रकाश चंद सहित अन्य पेंशनर मौजूद रहे।