ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। भाजपा ग्राम केंद्र देलठ में ग्राम केंद्र अध्यक्ष नरेंद्र देव शर्मा की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में 25 दिसंबर को सुशासन दिवस और 26 दिसंबर को बाल दिवस मंडल स्तर पर मनाने का फैसला लिया गया। 28 दिसंबर को मन की बात कार्यक्रम ग्राम केंद्र स्तर पर आयोजित करने के बारे में चर्चा की गई। बैठक में मुख्य रूप से भाजपा मंडल सचिव ग्राम केंद्र के प्रभारी अशोक कुमार उपस्थित रहे। देलठ क्षेत्र की समस्याओं पर भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि देलठ में तीन साल से पीएचसी का कार्य लटका है। एक साल से देलठ से शिमला रूट पर चलने वाली बस सेवा बंद है। इस कारण क्षेत्र के लोगों को शिमला पहुंचने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार पत्राचार के माध्यम से बस को चलाने की मांग की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। देलठ क्षेत्र में संपर्क सड़क जीरो प्वाइंट टिकरी से देलठ सड़क के खस्ताहाल पर भी रोष जताया गया। टुटू जीरो प्वाइंट से लेकर मंदिर तक अभी तक सड़क बंद पड़ी है, इसके बारे चर्चा की गई। इस मौके पर मंडल आईटी संयोजक धर्मपाल कायथ, बूथ अध्यक्ष मस्तराम कौशल, बूथ पालक नरेश गौतम, उदय सिंह, हरदयाल सिंह, प्रकाश चंद, राजेंद्र शुक्ला, जूना देवी, परस राम, संदीप गौतम और हुकुम देव शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।