संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग उत्सव में पहली बार लड़कियों के फैशन शो ने धूम मचा दी है। रंगबिरंगे हिमाचली परिधानों में सजी-संवरी प्रतिभागियों ने मंच पर आत्मविश्वास, सौंदर्य और संस्कृति का अद्भुत संगम पेश किया। चार अलग-अलग राउंड में हुए मुकाबलों में प्रतिभागियों ने न केवल अपनी अदाएं बिखेरीं, बल्कि तेज तर्रार सवाल-जवाब में भी अपनी बुद्धिमत्ता का लोहा मनवाया। कड़े मुकाबले के बाद दस प्रतिभागी फाइनल में पहुंचीं हैं। अब फाइनल राउंड 16 अगस्त को होगा, जिसमें तय होगा कि ठियोग की पहली फैशन क्वीन कौन बनेगी। फाइनल राउंड में परिषद अध्यक्ष अनिल ग्रोवर ने लड़कियों को प्रतिभावान बताते हुए उनके लिए भविष्य में इस तरह के मंच उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। इस दौर में लड़किया समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। प्रतियोगिता का संचालन पूर्व उपाध्यक्ष रीना रॉय के नेतृत्व में किया जा रहा है। चार सदस्यीय निर्णायक मंडल में पार्षद शीला वर्मा, अदिति शर्मा और रंजना सूद ने निर्णायक की भूमिका निभाई। मुख्य निर्णायक रीना रॉय ने कहा कि यह फैशन शो केवल सौंदर्य प्रतियोगिता नहीं, बल्कि हिमाचल की संस्कृति को नई पीढ़ी के आत्मविश्वास के साथ जोड़ने का प्रयास है। मंच पर हर प्रतिभागी ने यह संदेश दिया कि आधुनिकता और परंपरा साथ-साथ चल सकती हैं। बस जरूरत है, इसे सही मंच पर प्रस्तुत करने की।
ठियोग उत्सव में पहली बार लड़कियों का फैशन शो हिमाचली परिधान में चमकी युवा प्रतिभा। संवाद