रामपुर बुशहर। एनएच जगह-जगह अवरुद्ध होने से गैस सिलिंडर की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इसके कारण लोगों में सिलिंडर लेने के लिए मारामारी मची है। रविवार को भी रामपुर स्थित चौधरी अड्डे में बड़ी संख्या में लोग गैस सिलिंडर लेने पहुंचे, लेकिन मात्र 400 सिलिंडर लेकर ही गाड़ी पहुंची। कई लोगों को बिना गैस सिलिंडर अपने घर लौटना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों में तो स्थिति और भी खराब है। रामपुर में अभी भी करीब 40 सड़कें बंद पड़ी हैं। ऐसे में गैस सिलिंडर इन क्षेत्रों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। मौसम की मार से पूरी व्यवस्था पटरी से उतर गई है। हर माह 32 से अधिक गैस के लोड रामपुर पहुंचते थे, अब 20 के करीब ही लोड पहुंच पा रहे हैं। सिलिंडर को ला रही कई गाड़ियां अलग-अलग जगहों पर फंसी हुई हैं। रविवार सुबह को भीड़ सिलिंडर लेने के लिए चौधरी अड्डे पर पहुंची। इसके बावजूद सभी लोगों को सिलिंडर नहीं मिल पाया। कई लोगों को खाली हाथ ही लौटना पड़ा। सिविल सप्लाई विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक दो सिलिंडर की गाड़ियां मार्ग अवरुद्ध होने से फंसी हुई हैं। जैसे ही गाड़ियां यहां पहुंचती हैं वैसे ही यहां पर उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर दे दिया जाएगा। उधर, गैस एजेंसी के प्रभारी कर्म सैन ने बताया कि सड़कें अवरुद्ध होने से गैस की गाड़ियां समय पर यहां नहीं पहुंच पा रही हैं जिसके कारण गैस सिलिंडर की आपूर्ति प्रभावित हुई है।