आने वाली सीजन के लिए फसलाें के बेहतर उत्पादन के लिए जीतोड़ मेहनत कर रहे बागवान
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई(रोहड़ू)। बारिश और बर्फबारी के बाद अब मौसम साफ होते ही क्षेत्र के बागवान बागवानी के कार्यों में पूरी तरह जुट गए हैं। जमीन में पर्याप्त नमी आने के बाद इन दिनों बागवान नए पौधे लगाने, खाद डालने और स्प्रे करने के कार्यों में व्यस्त हो गए हैं। आगामी सीजन में बेहतर फसल उत्पादन के लिए बागवान जीतोड़ मेहनत कर रहे हैं। बगीचों के रख रखाव के लिए यही सबसे बेहतर समय रहता है, जिसमें बागवानी प्रबंधन के अधिकतर कार्य होते हैं।
बागवान सुंदर डोगर, प्रभु दयाल, देवेंद्र चौहान, अनूप शर्मा,वह सुरेश राजटा का कहना है कि बारिश और बर्फबारी के बाद मिट्टी में नमी बढ़ने से पौधरोपण के लिए यह समय काफी उपयुक्त माना जाता है। इसी कारण इन दिनों बागवानी क्षेत्रों में पौधों की रोपाई का कार्य जोरों पर है। काट-छांट पूरी करने के बाद अब स्प्रे का दौर शुरू हो गया है। जिन बागवानों ने पहले ही पौधों की काट-छांट (प्रूनिंग) का कार्य पूरा कर लिया है,त उन्होंने अब एचएमओ और टीएसओ का स्प्रे करना शुरू कर दिया है। बागवानों का कहना है कि इस समय स्प्रे करने से पौधों में कीट व रोगों से बचाव होता है और फसल बेहतर रहती है।
-
समय खाद डालना जरूरी
खेतों में गोबर खाद, पोटाश और एनपीके का उपयोग इन दिनों बागवानों द्वारा उपयोग किया जा रहा है। बागवानों का कहना है कि नमी के समय खाद डालने से पौधों को बेहतर पोषण मिलता है और पौधों का बेहतर विकास होता है। बागवानों के अनुसार, अच्छी फसल के लिए यह समय बागवानी के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। यदि सही समय पर खाद और स्प्रे का काम पूरा कर लिया जाए तो आगे चलकर फसल की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों में अच्छा सुधार देखने को मिलता है।