कोटखाई क्षेत्र में सेब तुड़ान में जुटे मजदूर
कोटखाई में कई संपर्क सड़कें अभी तक हैं अवरुद्ध
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। मौसम साफ होने के बाद बागवानों ने राहत की सांस ली है। धूप खिलने के साथ ही बागवान सेब तुड़ान के कार्य में जुट गए हैं। मंडियों में इस समय सेब को अच्छे दाम मिल रहे हैं, जिससे बागवानों के चेहरे खिल उठे हैं। क्षेत्र के बागवानों का कहना है कि पिछले दिनों बरसात के कारण तुड़ान कार्य में काफी मुश्किलें आ रही थीं। बारिश थमने और मौसम साफ होने से अब बागवान तेजी से बगीचों में सेब तोड़कर मंडियों की ओर भेज रहे हैं। वहीं, कुछ खस्ताहाल सड़कें बागवानों के लिए चिंता का कारण बनी हुई हैं। भारी बारिश और भूस्खलन से कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। संपर्क सड़कों समेत आंतरिक सड़कें अभी तक पूरी तरह बहाल नहीं हो पाई हैं। ऐसे में सेब की पेटियां मंडियों तक पहुंचाना बागवानों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। बागवानों का कहना है कि जहां एक ओर मंडियों में सेब को अच्छे दाम मिल रहे हैं, वहीं सड़कों की स्थिति खराब होने के कारण भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इससे सेब ढुलाई का खर्च बढ़ रहा है और समय भी ज्यादा लग रहा है, जिससे बागवानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि बरसात से प्रभावित सड़कों की बहाली का कार्य युद्धस्तर पर किया जाए ताकि सेब की खेप समय पर मंडियों तक पहुंच सके और बागवानों को राहत मिल सके।