कोटला कॉलेज में ड्रग और एड्स की रोकथाम पर छात्रों को किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। महात्मा गांधी राजकीय अभियांत्रिकी कॉलेज कोटला के रेड रिबन क्लब ने मंगलवार को शिविर लगाया। शिविर में छात्रों को नशीली दवाओं के दुरुपयोग और एचआईवी/एड्स की रोकथाम के बारे में जागरूक किया गया। शिविर का शुभारंभ कॉलेज परिसर में नशे को लेकर एक प्रदर्शन के साथ हुआ। रील मेकिंग प्रतियोगिता में छात्रों ने रचनात्मक रूप से महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान कॉलेज से ज्यूरी तक वॉकथॉन रैली भी निकाली गई। रैली के दौरान नशीली दवाओं के सेवन के खतरों और एचआईवी/एड्स की रोकथाम के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। रेड रिबन क्लब के अध्यक्ष आदित्य गुलेरिया और उपाध्यक्ष पायल शर्मा ने शिविर का आयोजन किया। महात्मा गांधी राजकीय अभियांत्रिकी कॉलेज कोटला (ज्यूरी) के प्राचार्य राकेश कुमार ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने एसडीएम को इन आयोजनों के लिए आवश्यक अनुमति प्रदान करने के लिए आभार प्रकट किया। प्रोफेसर राकेश कुमार ने छात्रों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों को उनके सक्रिय सहयोग के लिए आभार प्रकट किया।