ठियोग (रामपुर बुशहर)। देहा खंड की छात्र वर्ग की अंडर-19 खेल प्रतियोगिता रावमापा नहोल में सोमवार को संपन्न हुई। इस प्रतियोगिता में मॉडल स्कूल सैंज के होनहारों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हर वर्ष की भांति ओवरऑल विजेता का खिताब अपने नाम किया है।
सैंज स्कूल के खिलाड़ियों ने वॉलीबाल में प्रथम, खो-खो में द्वितीय, समूहगान और एकल गान में प्रथम और शास्त्रीय संगीत में द्वितीय स्थान हासिल किया। विद्यालय के छात्र साहिल, रोहित, राहुल, देवेंद्र, अंशुल, निशांत और अजय का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। विद्यालय के प्रधानाचार्य एमएल टेक्टा और स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष देवीराम शर्मा ने डीपीई दिनेश शर्मा, शारीरिक शिक्षक सुनील चंदेल, प्रवक्ता संगीत पुष्पलता और समस्त प्रतिभागियों को इस शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी है।