चौपाल (रोहड़ू) । उपमंडल चौपाल के बागवानों के लिए मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। सेब के बगीचों में संक्रमण के रोकथाम के लिए फफूंदीनाशक दवाइयों का छिड़काव होना है। वहीं, कई क्षेत्र ओलावृष्टि से प्रभावित हैं। इसके लिए भी दवाइयों का छिड़काव किया जाना है, लेकिन उद्यान केंद्रों में दवाइयां नहीं मिल रही हैं, जिससे बागवानों की चिंता बढ़ गई है। हाल ही में क्षेत्र में भारी ओलावृष्टि की मार फसलों पर पड़ी है। अब अल्टरनेरिया और पाउडरी मिल्ड्यू के फैलने का खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में समय पर दवाइयों का छिड़काव अत्यंत आवश्यक है। बागवानों को मजबूरी में दुकानों से महंगे दामों पर दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं, जिससे लगातार लागत और बढ़ रही है। स्थानीय बागवानों ने सरकार व विभाग से आग्रह किया है कि विभिन्न क्षेत्रों में ओलावृष्टि से बागवानों को काफी नुकसान हो रहा है। दूसरी ओर उद्यान केंद्र में दवाइयां न मिलने से और अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। जल्द ही उद्यान केंद्रों में दवाइयां उपलब्ध करवाई जाए, ताकि बागवान समय रहते बीमारी की रोकथाम कर सकें। उधर, उद्यान विकास अधिकारी श्याम शर्मा ने कहा कि दवाइयों का टेंडर हो गया है। जल्द ही उद्यान केंद्रों में दवाइयां बागवानों को उपलब्ध करवाई जाएंगी। संवाद