घाट के निर्माण पर एसजेवीएन, नगर परिषद और न्यास खर्च कर रहे एक करोड़ रुपये
घाट में गंगा की तर्ज पर होगी आरती, लोगों को मिलेंगी सुविधाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। गंगा नदी की तर्ज पर रामपुर में सतलुज नदी किनारे घाट का निर्माण किया जा रहा है। यहां अब तक करीब सवा दो करोड़ रुपये की लागत से सुरक्षा दीवार का निर्माण किया गया है। अब यहां करीब एक करोड़ रुपये की लागत से घाट का विस्तारीकरण और सौंदर्यीकरण किया जाना है। इस राशि का वहन सतलुज जल विद्युत निगम, नगर परिषद और मां भीमाकाली मंदिर न्यास की ओर से किया जाएगा। जल्द ही यहां सतलुज पूजा, धार्मिक अनुष्ठान सहित शहर आने वाले लोगों के बैठने और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सतलुज नदी किनारे शहर के इस क्षेत्र का नजारा पहले से काफी बदल गया है।
रामपुर नगर परिषद के वार्ड नंबर तीन में सतलुज नदी किनारे बने घाट का विस्तारीकरण कार्य इन दिनों जारी है। जल शक्ति विभाग की ओर से इन दिनों कार्य युद्धस्तर पर चलाया गया है। करीब एक करोड़ रुपये की लागत से भव्य घाट और सुरक्षा दीवार लगाने का कार्य होना प्रस्तावित है। घाट और श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर के आसपास सौंदर्यीकरण के कार्य भी किए जाने हैं। कार्य पूरा होने पर शहर के लोगों को गंगा नदी की तर्ज पर रामपुर में भी सतलुज नदी किनारे घाट की सुविधा मिलेगी, जहां लोग धार्मिक अनुष्ठान, पूजा पाठ और अन्य धार्मिक कर्मकांड कर पाएंगे। जल शक्ति विभाग ने पहले करीब 2.24 करोड़ रुपये की लागत से सुंदर घाट का निर्माण किया है। अब इस घाट का विस्तारीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा। इस राशि से करीब 20 मीटर लंबी सुरक्षा दीवार और सतलुज नदी किनारे घाट का निर्माण, रेलिंग लगाने, बेंच, लाइटें और शौचालय का निर्माण होगा। शहर आने वाले हजारों लोगों को यहां बैठने, टहलने सहित अन्य सुविधाएं मिलेंगी। शहर के इस क्षेत्र से रोजाना हजारों लोगों का आना जाना रहता है। ऐसे में यहां सुंदर मंदिर और एक खुला स्थान लोगों को उपलब्ध हो पाएगा। नगर परिषद रामपुर, मां भीमाकाली मंदिर न्यास और एसजेवीएन परियोजना सीएसआर के तहत सौंदर्यीकरण और विस्तारीकरण पर एक करोड़ रुपये की राशि खर्च करेंगे। नगर परिषद रामपुर ने जल शक्ति विभाग को 25 लाख रुपये की पहले ही जारी कर दी है, जबकि एसजेवीएन प्रबंधन की ओर से भी जल्द राशि जारी होने की उम्मीद है। मां भीमाकाली मंदिर न्यास की ओर से उपायुक्त शिमला ने सीएसआर नीति के तहत 25 लाख रुपये की राशि जल शक्ति विभाग को जारी कर दी है। विभाग ने घाट का निर्माण कार्य इन दिनों युद्धस्तर पर चलाया है। घाट के निर्माण की क्षेत्र के लोग लंबे समय से आस लगाए हुए हैं, जो जल्द पूरी होगी
कोट
मां भीमाकाली मंदिर न्यास रामपुर के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने बताया कि उपायुक्त शिमला से रामपुर में घाट निर्माण के लिए 25 लाख रुपये की राशि जारी की है।
कोट
जल शक्ति विभाग रामपुर के अधिशासी अभियंता आरएस नेगी ने बताया कि मां भीमाकाली मंदिर न्यास से 25 लाख की राशि स्वीकृत हुई है, जबकि एसजेवीएन से राशि आनी बाकी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही घाट का निर्माण और सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा होगा और क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।