रिकांगपिओ (किन्नौर)। उपायुक्त किन्नौर गोपाल चंद ने कहा कि किन्नौर जिला अपनी समृद्ध संस्कृति, रीति-रिवाज, वेशभूषा, खानपान और मधुर संगीत के लिए विश्व भर में प्रसिद्ध है। इसका संरक्षण करना हम सब का दायित्व है। वे मंगलवार को लोक संस्कृति धरोहर मंच किन्नौर की ओर से आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।
उपायुक्त ने कार्यक्रम में जिले के लोक गायकों, शिल्पकारों, मूर्तिकारों, जिले की समृद्ध संस्कृति को सुरक्षित करने और प्रचार-प्रसार में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले व्यक्तियों भाग देवी, विनोद कुमार, धर्म सिंह, नरेंद्र कुमार, रघुवीर और केदार सिंह सहित कई अन्य को सम्मानित किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन जिले की समृद्ध संस्कृति के संरक्षण के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।
इससे पूर्व लोक सांस्कृतिक मंच अध्यक्ष के रघुवीर सिंह नेगी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस मंच का मुख्य उद्देश्य जिले की समृद्ध संस्कृति का संरक्षण करना है। एसडीएम कल्पा डॉ. अवनिंद्र कुमार ने आयोजकों को इस तरह के भव्य कार्यक्रम आयोजित करने के लिए बधाई दी। कार्यक्रम का शुभारंभ सूरायेचिन्म देवी-देवताओं का पारंपरिक वाद्ययंत्रों के गायन से किया गया। इस दौरान जिले के कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेशकर समा बांधा। इस मौके पर स्थानीय पंचायत के प्रतिनिधि और कई अन्य लोग मौजूद रहे।