रोहडू़। उपमंडल रोहडू़ के खलई गांव में नेपाली मजदूर की हत्या करके फरार आरोपी अभी तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया है। वहीं एएफएसएल जुन्गा से आई टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने आरोपी की धर पकड़ के लिए टीमें गठित कर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि खलई गांव में मजदूरी करने वाले भावीलाल की उसके ही साथी अर्जुन ने हत्या कर दी है। आरोपी ने इसके बाद भावीलाल का शव खदराला के जंगल में फेंक दिया। इसकी सूचना खुद आरोपी ने मृतक भावीलाल की बेटी को फोन पर दी।
इसके बाद से पुलिस की टीम ने मौके पर तलाश की तो शव बरामद किया गया। डीएसपी रोहडू़ चमन लाल ने बताया कि एफएसएल जुन्गा की टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं। फरार आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। शीघ्र ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।