सराहन सहित 15/20 वैली की एक दर्जन पंचायतों के ग्रामीणों को मिलेगा लाभ
. शिविर में ऑपरेशन की भी मिलेगी सुविधा : राहुल सोनी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। सराहन में 23 अगस्त को निशुल्क नेत्र जांच शिविर लगाया जाएगा। शिविर में सराहन सहित 15/20 वैली की करीब एक दर्जन पंचायतों के ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक आंखों की जांच करेंगे और जरूरतमंद मरीजों को परामर्श के साथ ऑपरेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। यह बात एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल सोनी ने बैठक में कही। रामपुर में बुशहर स्पोर्ट्स कल्चरल एंड एनवायरमेंट एसोसिएशन की बैठक हुई। एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल सोनी ने बैठक की अध्यक्षता की और शिविर के सफल आयोजन को लेकर रूपरेखा तैयार की गई। सोनी ने कहा कि सराहन, रंगोरी, किन्नू, दोफदा, मशनू, शाहधार बौंडा, ज्यूरी और बधाल सहित 15/20 वैली की सभी पंचायतों के लोग शिविर का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से समय पर पहुंचकर अपनी आंखों की जांच करवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस तरह का शिविर हर वर्ष आयोजित किया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञों को मरीजों के उपचार के लिए बुलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान मरीजों और उनके साथ आने वाले लोगों के लिए भोजन की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। एसोसिएशन ने क्षेत्र के लोगों से शिविर का लाभ उठाने और जरूरतमंद मरीजों को भी शिविर की जानकारी देने की अपील की है। इस मौके पर छविंद्र, उमेश नेगी, रमेश मेहता, नवनीत और अनीश सहित अन्य युवा मौजूद रहे।