1 अगस्त को ज्यूरी में लगेगा शिविर, विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे सेवाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर विकास खंड में 30 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए निशुल्क कैंसर जांच शिविर लगाए जा रहे हैं। महिलाओं में गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) एवं स्तन कैंसर की समय रहते पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन हिमाचल प्रदेश एवं ममता हेल्थ इंस्टीट्यूट फॉर मदर एंड चाइल्ड के संयुक्त तत्वावधान में ये शिविर लगेंगे। इन शिविरों में अनुभवी स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों की ओर से निशुल्क जांच की जाएगी। साथ ही आवश्यक सैंपल संग्रह एवं जांच रिपोर्ट की सुविधा भी स्थानीय स्तर पर उपलब्ध करवाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र की सभी पात्र महिलाओं से शिविरों में भाग लेकर जांच करवाने की अपील की है। विशेषज्ञों के अनुसार सर्वाइकल एवं स्तन कैंसर का समय पर पता लगने से उपचार की सफलता की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। इसलिए 30 वर्ष से अधिक आयु की प्रत्येक महिला को नियमित जांच अवश्य करवानी चाहिए। इस अभियान के अंतर्गत प्रथम शिविर 1 अगस्त को सुबह 10:00 बजे से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्यूरी में आयोजित होगा। इसके बाद अगले शिविर 16 अगस्त, 22 अगस्त और 23 अगस्त को आयोजित किए जाएंगे। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कहा कैंसर से डरो नहीं, जागरूक बनो। उन्होंने महिलाओं से समय पर जांच करवाने और स्वस्थ हिमाचल के निर्माण में अपना सहयोग देने की अपील की है।