पुनर्सीमांकन के बाद चारों वार्डों के लोग कर रहे थे स्ट्रीट लाइटों की मांग
नगर परिषद ने 150 स्ट्रीट लाइटों के किए टेंडर, जल्द काम शुरू
नए बने वार्डों का छंटेगा अंधेरा
सुभाष सेन
रामपुर बुशहर। वर्ष 2025 रामपुर नगर परिषद के लिए उजाला लेकर आया है। स्ट्रीट लाइटों से वंचित नगर परिषद के चार वार्ड जल्द ही दुधिया रोशनी से जगमगाएंगे। इन वार्डों में रहने वाले हजारों लोगों की वर्षों से चली आ रही मांग अब जल्द ही पूरी होगी। जल्द ही शहर के वार्ड नंबर छह, सात, आठ और नौ में स्ट्रीट लाइटें लगाने का काम शुरू होगा। नगर परिषद ने इस संबंध में औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं।
गौरतलब है कि वर्षों पूर्व नगर परिषद रामपुर क्षेत्र का पुनर्सीमांकन कर चार नए वार्डों का गठन किया था। इन वार्डों के लोगों को नगर परिषद के अधीन तो लाया गया, लेकिन आज भी इन वार्डों में कई मूलभूत सुविधाओं की दरकार है। खासकर रात के अंधेरे से निपटने के लिए इन वार्डों में बिजली की कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं है। ऐसे में वार्ड के लोगों को शाम और रात के समय आवाजाही करने में खासी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। किन अब वार्डों में जल्द ही स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जाएंगी।
नगर परिषद ने लवी मेले से पहले शहर और वार्डों में स्ट्रीट लाइटें लगाने की योजना शुरू की थी। नगर परिषद ने वजीर बावड़ी से नेशनल हाईवे पांच पर स्ट्रीट लाइटें तो लगा दीं, जबकि अब नप के लोअर डकोलढ़, अपर डकोलढ़, चूहाबाग और खनेरी वार्ड में स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जाएंगी। नगर परिषद इन वार्डों में करीब 150 स्ट्रीट लाइटें लगाएगी। हालांकि लाइटें लगाने के लिए नप ने चारों वार्डों में खंबे लगा दिए हैं। लाइटें लगाने संबंधी टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जल्द ही स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। हालांकि बीते दिनों हुई नगर परिषद की बैठक में इन लाइटों को विद्युत आपूर्ति से जोड़ने के लिए मीटर लगाने की भी पार्षदों ने मांग की है।
योजना सिरे चढ़ने के बाद चार वार्डों के लोगों को शाम और रात में आवाजाही करने में परेशानियां नहीं झेलनी पड़ेंगी। इस वर्ष जहां इन वार्डों में विद्युत आपूर्ति की समस्या समाप्त हो जाएगी, वहीं लोअर और अपर डकोलढ़ के लोगों को सीवरेज प्रणाली से भी जोड़ा जाएगा।
नगर परिषद के चार वार्डों में जल्द ही स्ट्रीट लाइटें लगाने का कार्य शुरू होगा। नप ने टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर ली है। इन वार्डों में करीब 150 स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। लाइटें लगने के बाद वार्डों में रह रहे हजारों लोगों को रात के समय आवाजाही करने में दिक्कतें नहीं होंगी।
-बीआर नेगी, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद