- टापरी-जानी संपर्क सड़क पर सुबह साढ़े आठ बजे हादसा, चालक गंभीर रूप से घायल
- मामला दर्ज करने के बाद हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
-लोग बोले- रोजाना सैकड़ों लोग करते हैं सफर, फिर भी सड़क पर क्रैश बैरियर तक नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर/भावानगर। जिला किन्नौर के टापरी के पास शनिवार सुबह एक कार के गहरी खाई में गिरने से मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में तीन एक ही गांव के निवासी हैं। टापरी-जानी संपर्क सड़क पर सुबह साढ़े आठ बजे हुए इस कार हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसका इलाज प्रोजेक्ट अस्पताल छोलतू में चल रहा है। मामला दर्ज कर पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुट गई है। इधर, लोगों का कहना है कि सड़क से रोज रामनी पंचायत के सैकड़ों लोग सफर करते हैं, बावजूद इसके सड़क के किनारे सुरक्षा के लिहाज से क्रैश बैरियर तक नहीं लगाए गए हैं। अगर क्रैश बैरियर होते तो शायद लोगों की जान बच जाती।
पुलिस के मुताबिक, टापरी से जानी गांव जा रही कार टापरी से कुछ दूरी पर सड़क से करीब 150 मीटर नीचे खाई में गिर गई। कार में चालक समेत पांच लोग सवार थे। हादसे का पता चलते ही आसपास के गांव के लोग राहत एवं बचाव कार्य के लिए घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक मां-बेटे समेत चार लोग दम तोड़ चुके थे। मृतकों में कृष्णा (42) निवासी जानी गांव (निचार), उनका बेटा हिमेश कुमार (19), कृष्णा की ननद सुषमा (47) निवासी ग्रांगे, निचार और इंद्र लाल निवासी जानी, निचार शामिल हैं। कार चालक विद्या कृष्ण निवासी जानी को गंभीर चोटें आई हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से घायल को खाई से निकाल कर प्रोजेक्ट अस्पताल छोलतू पहुंचाया। वहीं, मृतकों के शव भी काफी मशक्कत के बाद निकाले जा सके। भावानगर के डीएसपी राजकुमार ने बताया कि टापरी के पास हुए सड़क हादसे में मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हुई है, जबकि चालक घायल है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। उधर, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हादसे में चार लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने और घायल को बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।