वीरवार रात आग की घटना में तीन करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान
विज्ञापन
दमकल कर्मियों और ग्रामीणों ने गांव को जलने से बचाया
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। जुब्बल तहसील के धार गांव में वीरवार देर रात भीषण अग्निकांड में चार मकान जलकर राख हो गए। हादसे में पांच परिवार बेघर हो गए हैं। आग की घटना वीरवार देर रात 11 बजे हुई। सभी लोग सो रहे थे। किसी स्थानीय व्यक्ति ने रात को मकानों से धुआं उठता देखा। इसके बाद उसने सभी को सूचना दी और मकानों में सो रहे सभी परिवार समय रहते बाहर निकल आए। हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। हादसे में तीन करोड़ रुपये के नुकसान का शुरुआती अनुमान लगाया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
अग्निशमन केंद्र को रात 11:20 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलने के बाद दमकल वाहन भी मौके पर पहुंचे। बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घर साथ-साथ थे और लकड़ी से बने हुए थे। इस कारण आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। देखते ही देखते चार मकानों को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि, दमकल वाहनों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन मकानों में रखे सिलिंडरों के फटने से आग तेजी से फैली। स्थानीय ग्रामीणों और अग्निशमन केंद्र के प्रयासों से आग को पूरे गांव में फैलने से रोका गया। हालांकि, चार मकानों को जलने से नहीं बचाया जा सका। इस मकानों में पांच परिवार रह रहे थे। बेघर हुए परिवारों के पास कुछ नहीं बचा है। अग्निकांड में नानक चंद चौहान, हरनाम सिंह धौल्टा, नरेंद्र सिंह धौल्टा, गिंदा राणा और अनिल धान्टा के परिवार प्रभावित हुए हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को 20-20 हजार रुपये, राशन सामग्री, तिरपाल और कंबल फौरी राहत के रूप में दिए गए हैं। एसडीएम जुब्बल गुरमीत नेगी ने बताया कि प्रभावितों को हर संभव सहायता दी जा रही है।
शिक्षा मंत्री और भाजपा ने जताया दुख
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आग की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएंगे। वहीं, भाजपा नेता चेतन बरागटा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि बंजार और कुल्लू की तर्ज पर प्रभावितों को मुआवजा दिया जाए।