भारी बारिश के चलते सुबह तड़के फ्लैश फ्लड ने मचाई तबाही, अफरा-तफरी का रहा माहौल, डर के साये में लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। जिले की सांगला वैली में सोमवार सुबह बाढ़ ने भारी तबाही मचाई। वैली के चार नालों और एक खड्ड में बाढ़ आने से कई बीघा जमीन बह गई। वहीं, सैकड़ों सेब के पौधे फल समेत राजमाह और आलू जैसी नकदी फसलें नष्ट हो गईं। गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। सोमवार सुबह गंगारंग नाला, टोंगटोंगचे नाला, सेरिंग्चे नाला, गोरगारंग नाला और सिघन खड्ड में बाढ़ आ गई। सबसे ज्यादा नुकसान गंगारंग नाले में बाढ़ आने से हुआ। गंंगारंग में सुबह करीब 4:00 बजे और फिर 10:00 बजे फ्लैश फ्लड आया। नाले में आई बाढ़ से 10 बागवानों के सेब के पौधे, नकदी फसलें राजमाह और आलू को भारी नुकसान पहुंचा है। सांगला के कौशल किशोर नेगी की एक बीघा जमीन, 20 सेब के पौधे, मलकीयत सिंह नेगी की दो बीघा जमीन और 40 पौधे, मदन सिंह नेगी की दो बीघा जमीन और 30 पौधे नष्ट हो गए। इसके अलावा आत्मा राम नेगी की एक बीघा जमीन व 25 पौधे, पदम भूषण नेगी के 25 पौधे, पुरुषोत्तम की एक बीघा जमीन व 10 पौधे, जयप्रकाश नेगी के 20 पौधे, इंद्रमोहन नेगी के 13 पौधे, महेश नेगी के 13 सेब के पौधे और चंद्र सिंह नेगी की एक बीघा जमीन नष्ट हुई है। वहीं, रकछम में गोरगारंग नाले में बाढ़ आने से खरोगला और गोरगारंग सिंचाई कूहल टूट गई है। ऐसे में अब सैकड़ों किसानों-बागवानों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। टोंगटोंगचे में सुबह पांच बजे से लेकर दोपहर एक बजे तक 10 से 12 बार फ्लैश फ्लड आया। पंचायत प्रधान सांगला देवसांकी नेगी, प्रधान रक्षम सुशील नेगी और प्रधान बटसेरी प्रदीप नेगी ने सरकार और प्रशासन से प्रभावितों को हुए नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग उठाई है। उधर, नायब तहसीलदार सांगला अशोक मेहता ने कहा कि बाढ़ की सूचना मिलते ही मौके पर टीम को भेजा गया। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। जल्द ही रिपोर्ट सौंपी जाएगी।