भूस्खलन होने से ग्राम पंचायत शलौटा के गांव सवाना में मलवा से क्षतिग्रस्त बगीचा। संवाद
एसडीएम ने शैक्षिक संस्थान बंद करने के दिए आदेश
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। कुमारसैन में भारी बारिश से पंचायत शलौटा के गांव सवाना में भारी नुकसान हुआ। सवाना गांव में संपर्क मार्ग पर भूस्खलन होने से पांच पंचायतों कोटिघाट, कांगल, जंजैली, बनाहर और शिवान का संपर्क तहसील कार्यालय कुमारसैन से कट गया है। इसे देखते हुए एसडीएम मुकेश शर्मा ने सभी शैक्षिक संस्थान बंद करने के आदेश जारी किए हैं। एसडीएम ने लोगों से अपील की है कि ऐसेे मौसम में अनावश्यक यात्रा न करें और घरों से बाहर न निकलें। वहीं, सवाना गांव निवासी मोहन लाल के बगीचे को भी भारी नुकसान हुआ है। भूस्खलन से बगीचे में 100 सेब और नाशपाती के फलदार पौधे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मोहन लाल का कहना है कि उन्हें लाखों का नुकसान हुआ है। वहीं, सेब सीजन भी शुरू हो गया है और पांच पंचायतों का तहसील कार्यालय से संपर्क कटने से बागवानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बागवानों को अपना सेब मंडियों तक पहुंचाना मुश्किल हो रहा है। साथ ही हजारों ग्रामीणों की भी दिक्कतें बढ़ गई हैं। इस कारण बगीचों में सेब तुड़ान भी थम गया है।
भूस्खलन होने से ग्राम पंचायत शलौटा के गांव सवाना में मलवा से क्षतिग्रस्त बगीचा। संवाद