रोहड़ू। राजा वीरभद्र सिंह राजकीय महाविद्यालय सीमा में प्रबंधन विभाग के मैनेजमेंट क्लब ने चार दिवसीय मैनेजमेंट फेस्ट का आयोजन किया। इस फेस्ट में विद्यार्थियों ने रचनात्मक और प्रबंधन आधारित गतिविधियों में भाग लिया। आयोजन के दौरान राखी मेले से लेकर फूड फेस्ट तक कई कार्यक्रम हुए। फेस्ट के अंतिम दिन फूड फेस्ट का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाए। उन्होंने व्यंजनों को तैयार करने के साथ-साथ स्टॉल की सजावट, प्रचार और बिक्री का प्रबंधन भी किया। इससे उन्हें आयोजन प्रबंधन का व्यावहारिक अनुभव मिला। इस दौरान मैनेजमेंट क्लब की नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। अर्चिता नेगी को प्रधान, सूर्यांशु चौहान को उपप्रधान, ओजस को सचिव और सुहाना को कोषाध्यक्ष बनाया गया। राखी मेले में विद्यार्थियों ने हस्तनिर्मित राखियों की प्रदर्शनी लगाई और बेचीं भी। कई मनोरंजक खेल भी आकर्षण का केंद्र रहे। महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. पीपी. चौहान समापन समारोह में मुख्य अतिथि थे। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन उन्हें नेतृत्व क्षमता और रचनात्मकता विकसित करने का अवसर देते हैं।