महिला एवं बाल विकास परियोजना के तहत आंगनबाड़ी पदों के लिए साक्षात्कार संपन्न, एसडीएम कार्यालय में एसडीएसम निशांत तोमर की अध्यक्षता में हुए साक्षात्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। महिला एवं बाल विकास परियोजना रामपुर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के पदों के लिए साक्षात्कार का आयोजन किया। एसडीएम रामपुर निशांत तोमर की अध्यक्षता में हुए साक्षात्कार प्रक्रिया में चार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और दो सहायिकाओं का चयन किया गया है। साक्षात्कार प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता और निष्पक्षता का विशेष ध्यान रखा गया। इस अवसर पर चयन समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। चयन प्रक्रिया में योग्यता, अनुभव और व्यक्तिगत साक्षात्कार के आधार पर उम्मीदवारों का मूल्यांकन किया गया। साक्षात्कार के दौरान बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयनित उम्मीदवारों की सूची परियोजना कार्यालय में लगा दी गई है। चयनित हुए उम्मीदवारों में फुंजा से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रीना देवी, लबाना सदाना से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता विजय लक्ष्मी, दोफदा पंचायत के मघारा से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शांता देवी, झाकड़ी वन से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रियंका कुमारी, नगर परिषद रामपुर चुहाबाग से आंगनबाड़ी सहायिका रंजना कुमारी और दरकाली कुखी से आंगनबाड़ी सहायिका सरिता शामिल है। इसके अलावा दोफदा दो, ज्यूरी और नोगली में आंगनबाड़ी सहायिका में कोई भी पात्र उम्मीदवार न मिलने से चयन नहीं हो पाया। एसडीएम निशांत तोमर ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की नियुक्ति से स्थानीय बच्चों और महिलाओं को बेहतर सेवाएं प्राप्त होंगी। यह प्रक्रिया महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।