पूर्व विधायक ने किया कुपवी उपमंडल का दौरा
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)। चौपाल के पूर्व विधायक डॉ. सुभाष मंगलेट ने मंगलवार को कुपवी उपमंडल का दौरा किया। कुपवी में एक समारोह में जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। सरकार के पास कल्याणकारी योजनाओं को देने के लिए धन नहीं है। इस कारण गारंटियों को भी पूरा नहीं कर पा रही है। सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित रह गई है। उन्होंने कहा कि धरातल पर कुछ भी नजर नहीं आ रहा है। चौपाल की अधिकतर सड़कें खस्ताहाल हो चुकी हैं। दर्जनों रूटों पर एचआरटीसी की बसें बंद हैँ। शिक्षण संस्थानों में शिक्षक नहीं हैं और अस्पतालों में कोई भी सुविधा नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने चौपाल विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को हाशिये पर धकेल दिया है। विकास को मानो ब्रेक लग गई है। कांग्रेस सरकार सिर्फ जनता को गुमराह करने में लगी हुई है। चौपाल विधानसभा क्षेत्र में मंत्री कई बार दौरा कर चुके हैं और सभी घोषणाएं कागजों में ही सिमट गई हैं। उन्होंने कहा कि चौपाल में सभी विभागों में धांधली हो रही है और इस पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है।