वन विभाग के जंगलों को आग से बचाने के दावे हो रहे हवा
शरारती तत्व आए दिन जंगलों को चढ़ा रहे आग की भेंट
रामपुर, आनी और निरमंड में नहीं थम रही जंगलों में धधकती आग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर/आनी/निरमंड।
सरकार और वन विभाग भले ही जंगलों का क्षेत्रफल बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की लाख कोशिश करे। इसके बावजूद हर साल जंगल आग से धधक रहे हैं और करोड़ों की वन संपदा तबाह हो रही है। रामपुर, आनी और निरमंड क्षेत्र में आग लगने की घटनाएं दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। वन विभाग और ग्रामीण आग बुझाने की भरपूर कोशिश कर रहे हैं, लेकिन आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा है। वहीं, जंगलों में आग लगाने वाले शरारती तत्वों को आज तक पकड़ा नहीं जा सका है। अब इसे विभाग की नाकामी कहें या फिर कुछ लोगों की भूल। धधकते जंगलों में करोड़ों की वन संपदा धूल होती जा रही है और कई वन्य जीव मारे जा रहे हैं।
रामपुर के राजपुरा में मंगलवार रात को शरारती तत्वों ने जंगल में आग लगा डाली और समूचा क्षेत्र आग की चपेट में आ गया। तेज हवाओं के साथ आग का दायरा भी बढ़ता गया और कुछ ही समय जंगल में फैली आग ने भयानक रूप धारण कर लिया। जंगल में लगे चीड़ और सफेदे के अलावा सैकड़ों पेड़ राख में बदल गए हैं। वहीं, आनी उपमंडल की कराणा पंचायत के तनोडा जंगल में मंगलवार रात से आग धधक रही है। दूसरे दिन बुधवार को भी दिनभर ग्रामीण और वन विभाग के कर्मचारी आग बुझाने में जुटे रहे, लेकिन आग का बढ़ते दायरे पर काबू पाना मुश्किल हो गया। इसके अलावा उपमंडल निरमंड मुख्यालय के साथ लगते शटलधार इलाके में भी मंगलवार रात को आग ने जंगल में काफी तबाही मचाई। चीड़ के जंगल में फैली आग ने सैकड़ों पेड़ों को नुकसान पहुंचाया है। क्षेत्र में चारों ओर धुआं ही धुआं फैला हुआ है।
लोग नहीं आ रहे बाज
वन विभाग लूहरी के डीएफओ चमन राव ने बताया कि विभाग के बार-बार आग्रह करने के बाद भी लोग जंगल में आग लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं। आग से न केवल पेड़-पौधे नष्ट हो रहे हैं, बल्कि वन्य जीव-जंतु भी मारे जा रहे हैं।
शटलधार जंगल में आग ने वन संपदा को पहुंचाई भारी क्षति। संवाद
शटलधार जंगल में आग ने वन संपदा को पहुंचाई भारी क्षति। संवाद
शटलधार जंगल में आग ने वन संपदा को पहुंचाई भारी क्षति। संवाद