चिढ़गांव के लरोट में विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने वन खंड अधिकारी के नवनिर्मित आवासीय एवं कार्यालय
विकास की बात : विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने किया उद्घाटन, ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने पर जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू।
चिड़गांव तहसील के लरोट में सोमवार को विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने वन खंड मंडल अधिकारी के नवनिर्मित आवासीय एवं कार्यालय भवन का उद्घाटन किया। करीब 35 लाख रुपये की लागत से तैयार भवन के निर्माण से वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ स्थानीय लोगों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इस अवसर पर विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकारी कार्यालयों और आवासीय भवनों के निर्माण से विभागीय कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के साथ लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि लरोट और चांशल क्षेत्र में पर्यटन और ईको-टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं। क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, देव संस्कृति, वन संपदा और शांत वातावरण पर्यटकों को आकर्षित कर सकता है। सरकार इन संभावनाओं को विकसित करने के लिए प्रयासरत है, जिससे स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों को रोजगार व स्वरोजगार के अवसर मिल सकें। विधायक ने कहा कि ईको-Tूरिज्म को बढ़ावा देते समय पर्यावरण, वन संपदा और स्थानीय संस्कृति का संरक्षण भी प्राथमिकता में रहेगा। पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय स्तर पर नए रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में भी काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण और दुर्गम इलाकों का समान रूप से विकास उनकी प्राथमिकता है। सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।