उपमंडल रामपुर की बधाल पंचायत के जंगल में भालू के हमले में घायल हुआ युवक। स्रोत : जागरूक पाठक
खनेरी अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद शिमला किया रेफर
. रविवार देर शाम पेश आई घटना, दहशत में लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। रामपुर खंड की बधाल पंचायत और किन्नौर जिले की सीमा के पास जंगल के रास्ते में भालू ने एक व्यक्ति पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। घायल को खनेरी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक, रविवार को शाम तकलेच के दरशाल निवासी 26 वर्षीय रहमत अली पुत्र नूर अली अपने रिश्तेदार के पास बरी किन्नौर कंडे जा रहा था। बरी कंडे से थोड़ी दूरी पर जंगल हजारों फीट ऊंचाई पर शाम करीब 5:00 बजे भालू ने रहमत अली पर हमला कर दिया। भालू ने रहमत को मुंह, कान और सिर सहित कई जगह में गहरी चोट पहुंचाई हैं। भालू से अपनी जान बचाने के लिए वह चिल्लाया। उसकी आवाजें सुनकर आसपास के लोग मदद को मौके पर पहुंचे। लोगों ने घायल रहमत अली को पीठ में उठाकर सड़क तक पहुंचाया, जहां से गाड़ी के जरिये सीएचसी सराहन ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद सराहन से 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से खneरी अस्पताल रेफर किया गया। रामपुर के खनेरी अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका उपचार किया और उसके बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया। उधर, वन विभाग की डिप्टी रेंजर मोनिका सेवगी ने बताया कि देर रात भालू के हमले की सूचना मिली। तब तक भालू के हमले में घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया था। भालू के हमले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारी फोरेस्ट रेंज ऑफिसर कुंदन नेगी को दे दी है। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।