नालागढ़ के वार्ड सात में इन मकानो को नहीं मिल सीवरेज की सुविधा-संवाद
सीवरेज लाइन ऊंची व मकान नीचे होने से बढ़ी लोगों की दिक्कतें
नालागढ़ में 17 से अधिक परिवार अभी तक नहीं जुड़ पाए सुविधा से
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ में लगभग दस साल पहले बिछाई गई सीवरेज लाइन में अब तक कई परिवार जुड़ नहीं पाए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि योजना में कई खामियां हैं, जिससे सभी परिवार इसका लाभ नहीं ले पा रहे हैं। कई घर लाइन से काफी नीचे होने और आउटलेट लाइन की दिशा के कारण कनेक्शन नहीं ले पा रहे हैं। वार्ड सात के निवासी सौरभ धीमान, नरेंद्र राणा और मदन गोपाल ने बताया कि उनके मकान नाले की ओर से हैं और लाइन उनके मकान के पीछे से जा रही है। इसे बदलना उनके लिए संभव नहीं है। वहीं कुछ स्थानों पर लाइन ऊंची होने के कारण भी लोग जुड़ नहीं पा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद और जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता को कई बार समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक इसका कोई ठोस समाधान नहीं निकला। वार्ड तीन में चैंबर टूटने की वजह से गंदा पानी ओवरफ्लो कर रहा है। सौरभ धीमान ने बताया कि नालागढ़ में 17 से अधिक परिवार ऐसे हैं जो योजना से जुड़ नहीं पाए, जबकि अब तक 1,470 लोगों ने कनेक्शन ले लिया है। अन्य लोग टैंक बनाकर अपनी सीवरेज इसमें डाल रहे हैं। उनका कहना है कि योजना अधिकारियों ने मौके पर जाकर नहीं बनाई, बल्कि टेबल पर बैठकर तैयार की, जिससे सभी लोगों को लाभ नहीं मिल रहा।
कोट
जो लोग कनेक्शन लेना चाहते हैं, वे लिखित आवेदन करें। उसके बाद मौके पर जाकर जांच कर कनेक्शन लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा।
देशराज पाठक,सहायक अभियंता,जलशक्ति विभाग