. आराध्य देवता साहिब गणेश महाराज के सानिध्य में धूमधाम से मनाया पारंपरिक मेला
. महिलाओं और पुरुषों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर डाली नाटी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। खनेवली में आराध्य देवता साहिब गणेश महाराज के सानिध्य में आयोजित दो दिवसीय लौ मेले में लोक संस्कृति और पहाड़ी संगीत की खूब धूम रही। नवयुवक मंडल खनेवली की ओर से आयोजित मेले में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मेले के दौरान विभिन्न पारंपरिक गतिविधियों के साथ रात्रि सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें लोक गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से देर रात तक समां बांधा। सांस्कृतिक संध्या में कैलाश फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष बृज लाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। आयोजकों और ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद स्थानीय और आमंत्रित लोक कलाकारों ने एक से बढ़कर एक पहाड़ी गीत प्रस्तुत किए। उत्तराखंड के कलाकार गायक यश कश्यप और अनूप चांगटा ने देर रात तक दर्शकों काे झूमने पर मजबूर किया। कार्यक्रम में खनेवली सहित आसपास के गांवों से पहुंचे लोगों ने खूब आनंद लिया। देर रात तक लोग पहाड़ी गीतों पर झूमे। वहीं, वीरवार को मेले में दोपहर बाद नाटियों का दौर चला। ढोल-नगाड़ों की थाप पर ग्रामीण जमकर थिरके। मेले में देव परंपरा और लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। देवता साहिब गणेश महाराज के सानिध्य में आयोजित इस आयोजन ने ग्रामीणों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम किया। युवाओं ने मेले के आयोजन और व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नवयुवक मंडल खनेवली के अध्यक्ष मूलराज जक्टू सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि मेले का उद्देश्य क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत को संजोए रखना, ग्रामीणों को आपसी मेलजोल का मंच उपलब्ध करवाना है। दो दिवसीय आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर मेले की रौनक बढ़ाई।