वन विभाग ने ग्रामीणों की मदद से आग पर पाया काबू
तेज हवाएं चलने से आग बुझाने में हुई दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। बर्फबारी के बाद मौसम खुल गया है और चिलचिलाती धूप से तापमान बढ़ गया है। उपमंडल रामपुर में जंगलों में आग की घटनाएं एक बार फिर से बढ़ गई हैं। दत्तनगर के साथ लगते जंगल में शुक्रवार को शरारती तत्वों ने आग लगा दी। आग ने काफी बड़े क्षेत्रफल में वन संपदा को नुकसान पहुंचाया है। शनिवार को दिनभर वन विभाग और ग्रामीण आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे रहे, लेकिन तेज हवाओं के चलते आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
वन मंडल रामपुर के तहत आने वाले दत्तनगर के जंगल में शुक्रवार को शरारती तत्वों ने आग लगा दी। देखते ही देखते आग समूचे जंगल में फैल गई और लाखों की वन संपदा को नुकसान पहुंचाया। जंगल में सूखी घास में आग लगने से समूचे क्षेत्र में धुएं का गुब्बार फैल गया, जबकि वन संपदा और वन्य जीवों को भी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। वन विभाग के कर्मियों और स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। तेज हवा के कारण जंगल का काफी बड़ा क्षेत्रफल इसकी चपेट में आ गया। करीब डेढ़ दर्जन वन कर्मी और स्थानीय ग्रामीण दिनभर आग पर काबू पाने में जुटे रहे। घास आग की भेंट चढ़ने से पशुओं के लिए चारे का संकट होगा।
कोट
वन विभाग रामपुर के डीएफओ गुरहर्ष सिंह ने बताया कि आग बुझाने के लिए 14-15 लोगों का एक दल मौके पर जुटा रहा। तेज हवाओं के चलते आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया था। वन कर्मियों और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उन्होंने लोगों से जंगलों को आग से बचाने का आह्वान किया है।