नेरवा (रोहड़ू)। वनों में आग लगने की घटनाएं नहीं थम रही हैं। बहुमूल्य वन संपदा राख हो रही है, वहीं वन्य जीव मारे जा रहे हैं। मंगलवार दोपहर को किसी अज्ञात व्यक्ति ने नेरवा के गातू जंगल में आग लगा दी। तेज हवा के कारण आग ने बड़े क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। नेरवा रेंज के रेंज ऑफिसर विजय कुमार चौहान ने बताया कि सूचना मिलते ही संबंधित बीट के ब्लॉक ऑफिसर, वन रक्षक और वन मित्र मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। हालांकि, तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती रही। इस दौरान स्थानीय निवासी भी आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचे और विभाग का सहयोग किया। ढंकार वाले दुर्गम क्षेत्र में आग लगी होने से आग बुझाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। वन विभाग और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयासों से आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है। रेंज ऑफिसर विजय कुमार चौहान ने सहयोग के लिए स्थानीय निवासियों का आभार जताते हुए लोगों से आग लगाने वाले शरारती तत्वों की सूचना देने की अपील की है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाने के प्रयास जारी है।
नेरवा में गातू के जंगल में भड़की आग पर काबू पाते वन विभाग के कर्मचारी। संवाद